Published:
14 Oct 2026, 01:41 PM
Category:
राज्य
|
By: Himalaya Ratan
देहरादून। आम आदमी पार्टी (AAP) ने राज्य निर्वाचन आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह सत्ता पक्ष के इशारे पर काम कर रहा है। मंगलवार को पार्टी के महानगर और युवा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने छह नंबर पुलिया स्थित आयोग कार्यालय पर प्रदर्शन किया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग की।
AAP महानगर अध्यक्ष संजय छेत्री ने कहा कि चुनाव आयोग अपनी निष्पक्षता खो चुका है। उन्होंने सवाल उठाया कि ज्ञानेश कुमार जैसे अधिकारी के नेतृत्व में निष्पक्ष चुनाव कैसे संभव हो सकते हैं। छेत्री ने आरोप लगाया कि सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है और AAP का हर कार्यकर्ता इसके खिलाफ सड़क पर उतरने को तैयार है।
प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसौदिया ने पुलिस द्वारा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने को 'उत्तराखंड में लोकतंत्र के लिए काला दिन' बताया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को घसीट कर ले जाना सरकार की घबराहट को दर्शाता है। सिसौदिया ने स्पष्ट किया कि राज्य निर्वाचन आयोग का कार्यालय जनता का है, भाजपा का नहीं, और यदि उनकी मांग पर गौर नहीं किया गया तो यह आंदोलन पूरे प्रदेश में और तेज होगा।
