Published:
07 Oct 2026, 12:07 AM
Category:
राज्य
|
By: Himalaya Ratan
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा के आंगनबाड़ी केंद्र गोसीकुआ भुड़ाई में 'आंगन मिलन' कार्यक्रम में शिरकत करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ये केंद्र सिर्फ बच्चों को पोषण उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे बच्चों के स्वस्थ भविष्य, संस्कार, प्रारंभिक शिक्षा और सर्वांगीण विकास की नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुख्यमंत्री ने सशक्त बचपन और मातृशक्ति को सशक्त उत्तराखंड की मजबूत नींव बताया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों, गर्भवती महिलाओं, माताओं तथा आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकत्रियों से संवाद कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की सराहना करते हुए कहा कि वे बच्चों की देखभाल और पोषण के साथ-साथ सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि माताओं और बच्चों का स्वास्थ्य एवं पोषण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
सरकार की विभिन्न योजनाओं जैसे महालक्ष्मी किट योजना, पोषण योजनाएं और मुख्यमंत्री महिला पोषण योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि इनके माध्यम से माताओं एवं बच्चों को आवश्यक सहायता एवं पोषण उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की सेवा भावना और समर्पण को नमन करते हुए कहा कि जब सरकार, समाज और परिवार मिलकर माताओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की जिम्मेदारी निभाते हैं, तो स्वस्थ एवं सशक्त उत्तराखंड की नींव और अधिक मजबूत होती है। राज्य सरकार का संकल्प है कि उत्तराखंड में कोई भी बच्चा कुपोषित न रहे और प्रत्येक बच्चे को स्वस्थ, सुरक्षित एवं संस्कारयुक्त वातावरण मिले।
