Published:
14 Oct 2026, 01:41 PM
Category:
राज्य
|
By: Himalaya Ratan
देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा 70 विधानसभा सीटों पर प्रभारियों की नियुक्ति के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकारी सुविधाओं का दुरुपयोग कर रही है, क्योंकि नियुक्त किए गए 18 प्रभारियों को सरकार में दायित्वधारी मंत्री का दर्जा प्राप्त है।
कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि जिन नेताओं को सरकार की ओर से गाड़ी, मानदेय और अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं, वे अब पार्टी संगठन के लिए भी काम करेंगे तो सरकारी धन के संभावित दुरुपयोग को कैसे रोका जाएगा। पार्टी का तर्क है कि सरकारी खजाने से सुविधाएं प्राप्त करने वाले नेताओं का इस्तेमाल यदि पार्टी संगठन के कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों में किया जाता है, तो यह नैतिक रूप से गलत है।
इसी आधार पर कांग्रेस ने मांग की है कि ऐसे सभी दायित्वधारियों को उनके सरकारी पदों से तुरंत हटाया जाए। कांग्रेस ने स्पष्ट जवाबदेही की मांग करते हुए कहा है कि सरकार द्वारा दी गई सुविधाओं का उपयोग सरकारी कार्यों के लिए ही होना चाहिए, न कि पार्टी के संगठनात्मक या चुनावी गतिविधियों के लिए। इस मुद्दे ने राज्य की राजनीति में एक नई बहस छेड़ दी है।
