दुष्यंत कुमार गौतम को राज्यपाल बनाने पर कांग्रेस का विरोध, अंकिता हत्याकांड की जांच में बाधा का आरोप

Published: 14 Oct 2026, 01:41 PM
Category: राज्य   |   By: Himalaya Ratan

देहरादून। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को अंकिता भंडारी हत्याकांड में आरोपों का सामना कर रहे भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाये जाने का कड़ा विरोध किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में गांधी पार्क में आयोजित मौन उपवास एवं सत्याग्रह कार्यक्रम में कांग्रेस ने इस नियुक्ति को न्याय प्रक्रिया में हस्तक्षेप और निष्पक्ष जांच में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास बताया।

गोदियाल ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में जिस वीवीआईपी की भूमिका को लेकर लगातार सवाल उठाये जाते रहे हैं, उन आरोपों की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराने की घोषणा सरकार द्वारा की गई थी। हालांकि, इस मामले में सीबीआई जांच एक कदम भी आगे नहीं बढ़ पाई है। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम जैसे संवैधानिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य का राज्यपाल बनाये जाने के निर्णय ने प्रदेश की जनता के मन में अनेक सवाल खड़े कर दिये हैं।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध लगाये गये आरोपों की सत्यता का निर्धारण निष्पक्ष जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया से ही होना चाहिए। परन्तु, उनका आरोप है कि भाजपा सरकार नहीं चाहती कि आने वाली सरकार दुष्यंत कुमार गौतम के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई कर सके, इसलिए उन्हें राज्यपाल जैसे संवैधानिक पद पर बिठा दिया गया है। कांग्रेस ने इस कदम को नैतिक दायित्व से पलायन और अंकिता को न्याय से वंचित करने का प्रयास बताया।

×