Published:
14 Oct 2026, 01:40 PM
Category:
राज्य
|
By: Himalaya Ratan
देहरादून। शहर के प्रमुख दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में मंगलवार को हुए औचक निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी उजागर हुई है, जिसके बाद रेस्टोरेंट को तुरंत बंद कर दिया गया। निरीक्षण के दौरान रसोई और स्टोर रूम में कॉकरोच और चूहों का आतंक मिला। फ्रीजर में फूलगोभी, मूली, शिमला मिर्च, पत्तागोभी और आलू जैसी सब्जियां सड़ी-गली अवस्था में पाई गईं।
संयुक्त टीम ने रेस्टोरेंट में लगभग दो दिन पुराने चावल, दो से तीन दिन पुराना गूंथा आटा और लगभग एक सप्ताह पुरानी मोमोज व चाउमीन की सामग्री भी मिली। खाद्य पदार्थ खुले बर्तनों में रखे थे और चूहों ने मसालों की थैलियों को कुतर रखा था। बर्तन धुलाई क्षेत्र में तीन से चार दिन पुराने जूठे बर्तन और जमा कूड़ा मिला। इसके साथ ही नालियां जाम थीं और ड्रेनेज व्यवस्था भी खराब थी। कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस के अभिलेख, पेस्ट कंट्रोल के प्रमाण और इस्तेमाल किए जा रहे पानी की जांच रिपोर्ट भी मौके पर उपलब्ध नहीं कराई गई।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम ने पांच किलोग्राम बासी चावल, 15 किलोग्राम सब्जियां, दो किलोग्राम मोमोज और बासी चिकन करी को नष्ट कराया। टीम ने पनीर, दूध और डीप फ्रीजर में रखी तैयार चिकन करी के नमूने जांच के लिए भेजे हैं। रेस्टोरेंट संचालक को 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है।
