देवताल बर्फ की सफेद चादर में लिपटा, आवाजाही ठप; पर्यटकों का इंतजार

Published: 07 Oct 2026, 12:06 AM
Category: राज्य   |   By: Himalaya Ratan

चमोली। माणा पास स्थित प्रसिद्ध देवताल इन दिनों बर्फ की सफेद, मनमोहक चादर में लिपटा हुआ है। पिछले दिनों हुई भारी बर्फबारी के बाद यह क्षेत्र किसी स्वर्ग से कम नहीं लग रहा है, लेकिन मार्ग पर अत्यधिक बर्फ जमा होने के कारण फिलहाल इसकी खूबसूरती का दीदार कर पाना असंभव हो गया है।

बर्फबारी के चलते देवताल तक पहुंचने वाले सभी मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही पूरी तरह से ठप पड़ गई है। माणा गांव के ग्राम प्रधान धर्मेंद्र चौहान ने बताया कि उन्होंने स्वयं देवताल जाने का प्रयास किया था, लेकिन मार्ग में भारी बर्फ होने के कारण उन्हें बीच रास्ते से ही वापस लौटना पड़ा।

सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीमें युद्धस्तर पर मार्ग से बर्फ हटाने का कार्य कर रही हैं, ताकि जल्द से जल्द आवाजाही बहाल की जा सके। उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि बीआरओ के अथक प्रयासों के बाद शीघ्र ही देवताल तक का रास्ता खुल जाएगा।

मौसम विज्ञान केंद्र ने आगामी 6 से 11 अक्टूबर तक उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में देवताल और आसपास के क्षेत्रों में और अधिक बर्फबारी की संभावना है, जो इसकी सुंदरता को और बढ़ाएगी, लेकिन पर्यटकों को मार्ग खुलने का इंतजार करना होगा।

×