खाई में गिरने से डाक्टर की मौत

Published: 03 Jun 2026, 10:29 AM
Category: अपराध   |   By: Admin

चंपावत। बीती रात लोहाघाट स्थित बाड़ीगाड़ क्षेत्र में एक दंत चिकित्सक के खाई में गिरने से मौत हो गई। मौके पर पहंुची पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार मूल रूप से पिथौरागढ़ निवासी डॉ. लोकेश जोशी (उम्र 40 वर्ष) अपनी पत्नी डॉली जोशी और इकलौती बेटी के साथ बाड़ीगाड़ क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे थे। रात करीब 9 बजे वो स्कूटी से घर पहुंचे। स्कूटी खड़ी करने के बाद जैसे ही वो कमरे की ओर बढ़े। वैसे ही अंधेरा होने और मार्ग पर सुरक्षा रेलिंग न होने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया। जिससे वो करीब 14 फीट गहरी गाड़ में जा गिरे।
काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर उनकी पत्नी उन्हें देखने बाहर निकलीं। तलाश करने पर लोकेश गाड़ यानी नदी किनारे घायल अवस्था में पड़े मिले। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया। साथ ही तत्काल 108 एंबुलेंस और डायल 112 से पुलिस सेवा को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। इसके बाद एंबुलेंस भी पहुंची, जिसके बाद उसे अस्पताल के लिए ले जाया गया, लेकिन गंभीर रूप से घायल लोकेश को लेकर जा रही एंबुलेंस अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में खराब हो गई।
 हालात ऐसे बने कि लोगों को उन्हें चादर में लपेटकर वैकल्पिक साधनों से लोहाघाट उप जिला अस्पताल पहुंचाना पड़ा। जहां अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल है।

×