Published:
03 Jun 2026, 05:49 AM
Category:
अपराध
|
By: Admin
टिहरी। देवप्रयाग में मंगलवार को हुए कार हादसे में अब तक राजस्थान के चार यात्रियों के शव बरामद कर लिए गए है। इस हादसे में अभी भी 3 यात्री लापता बताए जा रहे हैं। जिनकी तलाश जारी है। साथ ही एक बच्चे को घायल अस्वस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वाहन में कुल 8 लोग सवार थे। सभी राजस्थान के निवासी थे। पुलिस ने मृतकों के शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।
एसडीआरएफ ने बताया कि, दुर्घटनाग्रस्त वाहन में चालक समेत कुल 8 व्यक्ति सवार थे, जिनमें 5 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल थे। कार के अनियंत्रित होकर गंगा में गिरने की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला से राफ्ट समेत अतिरिक्त टीम और एसडीआरएफ पोस्ट श्रीनगर से भी रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा गया। एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर विभिन्न एसडीआरएफ इकाइयों द्वारा जिला पुलिस और अन्य बचाव इकाइयों के साथ मिलकर समन्वित एवं त्वरित रेस्क्यू अभियान संचालित किया गया। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच एसडीआरएफ की टीमों ने नदी और आसपास के संभावित क्षेत्रों में सघन खोज एवं बचाव अभियान चलाया। अभियान के दौरान एसडीआरएफ टीमों द्वारा एक बालक को गंभीर घायल अवस्था में सुरक्षित निकालकर तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया। वहीं नदी से 3 शव (2 पुरुष और 1 महिला) बरामद किए गए, जिन्हें राफ्ट के माध्यम से रोडहेड तक लाकर आवश्यक कार्रवाई हेतु जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया। रेस्क्यू टीमों द्वारा दुर्घटनाग्रस्त वाहन के अंदर और आसपास के क्षेत्र में विस्तृत सर्चिंग की गई, लेकिन वाहन के अंदर कोई अन्य व्यक्ति नहीं मिला। फिलहाल 3 लापता व्यक्तियों (2 पुरुष और 2 महिला) की तलाश हेतु एसडीआरएफ की टीमों द्वारा सभी संभावित क्षेत्रों में गहन सर्च अभियान जारी है।
