ज्योतिर्मठ में गौशाला में घुसे भालू ने परिवार पर किया हमला, चार सदस्य लहूलुहान

Published: 14 Oct 2026, 01:41 PM
Category: राज्य   |   By: Himalaya Ratan

चमोली के ज्योतिर्मठ नगर में मंगलवार तड़के एक परिवार पर भालू ने हमला कर दिया, जिसमें चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना तब हुई जब परिवार के सदस्य अपनी गौशाला में मवेशियों की आवाज सुनकर देखने गए थे। सभी घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिंहधार वार्ड निवासी बिन्देश कुमार और उनकी मां को तड़के करीब तीन बजे गौशाला से मवेशियों के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। जब वे दोनों गौशाला की ओर बढ़े, तो वहां पहले से मौजूद एक भालू ने अचानक बिन्देश कुमार पर हमला कर दिया। मां ने उन्हें बचाने की कोशिश की तो भालू ने उन पर भी झपटा मारा।

परिवार के अन्य सदस्य भी शोर सुनकर मदद के लिए पहुंचे, लेकिन भालू ने उन पर भी हमला कर दिया। काफी मशक्कत और शोर-शराबे के बाद परिवार के सदस्यों ने भालू को मौके से खदेड़ दिया। इस संघर्ष में परिवार के कुल चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर भेज दिया गया। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल है।

×