अनियंत्रित होकर पिकअप गहरी खाई में गिरा, दो लोगों की मौत,एक गंभीर

Published: 01 Jun 2026, 08:44 AM
Category: अपराध   |   By: Admin

पिथौरागढ़। रविवार देर शाम जिले के मुनस्यारी में पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। वहीं ड्राइवर बाहर छिटक गया, जिससे उसकी जान बच गई. ड्राइवर के चिल्लाने की आवाज सुनकर गश्त कर रहे भारत तिब्बत सीमा पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मृतकों के शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि हादसा रविवार देर शाम मुनस्यारी-मिलम मोटर मार्ग पर हुआ और करीब 8 घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों युवकों के शव बाहर निकाल लिए गए हैं। मुनस्यारी की तरफ आते समय हादसा- रविवार शाम एक पिकअप वाहन लास्पा गांव से मुनस्यारी की ओर आ रहा था। जब वाहन रड़गाड़ी के पास पहुंचा, तो अचानक बेकाबू होकर गहरी खाई में गिर गया।
 सड़क से खाई में  गिरने के बाद वाहन चट्टानों से टकराते हुए सीधे गोरी नदी के किनारे तक जा पहुंचा। इस भीषण टक्कर में पिकअप के परखच्चे उड़ गए। वाहन में चालक सहित कुल तीन लोग सवार थे।
बताया जा रहा है कि वाहन के गिरते ही ड्राइवर जगत मेहता (निवासी तेजम) गाड़ी से बाहर छिटक गया, जिससे उसकी जान बच गई। वाहन में सवार दो अन्य युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मनेंद्र राम (30, निवासी धारचूला) और प्रकाश (28 मूल निवासी नेपाल) के रूप में हुई है। इनके शव चट्टानों के बीच फंसे हुए थे। दुर्घटना वाले क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क न होने के कारण सूचना मिलने में देरी हुई। उप निरीक्षक सुनील चंद के नेतृत्व में पुलिस टीम  ने मोर्चा संभाला। लगभग 8 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद देर रात शवों को खाई से निकालकर सड़क तक लाया गया और एम्बुलेंस के जरिए मुनस्यारी भेजा गया। एस आई नीरज चौहान ने बताया कि दोनों शवों का मुनस्यारी में पोस्टमॉर्टम कराया गया है।

×